×
fraud

आज का मुख्य समाचार – भारत

फेक पेमेंट स्क्रीनशॉट भेजकर होटल को लगाया लाखों रुपये का चूना, MCA पास आउट ठग गिरफ्तार

fraud

गुरुग्राम पुलिस ने एक एमसीए (MCA) पासआउट ठग को गिरफ्तार किया है. यह ठग फर्जी फोन पे व डमी ऐप से होटल को चपत लगा रहा था. ऐसा करके आरोपी अब तक लाखों रुपये की ठगी कर चुका है. 

गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी फोन पे और डमी ऐप के जरिए होटल संचालक को नकली पेमेंट का स्क्रीन शाट भेज कर लाखों रुपए का चूना लगा रहा था. आरोपी के कब्जे से पुलिस ने वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल को बरामद कर लिया है. आरोपी की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है. हिमांशु सोहना का रहने वाला है और एमसीए तक पढ़ाई की हुई है. 

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि 25 फरवरी को होटल प्रबंधन ने गुरुग्राम के थाना सेक्टर-53 में शिकायत दी.शिकायत में कहा गया कि एक युवक ने अक्टूबर 2025 से 24 फरवरी 2026 तक उनके होटल में कमरा किराए पर लिया था. कमरे का  किराया फर्जी फोन पे एवं डमी ऐप के माध्यम से भुगतान दर्शाते हुए स्क्रीनशॉट भेजकर लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया. 

यह भी पढ़ें: 256 सिम कार्ड, कॉल कनवर्टर और 2.13 करोड़ की ठगी… CAG के रिटायर अफसर को बनाया शिकार, पुणे से 3 शातिर गिरफ्तार

यू-ट्यूब देखकर बनाया प्लान

इस पर थाना-53 पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी. जिसके बाद पुलिस ने गुरुग्राम के डीएलएफ फेज फाइव से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान 26 वर्षीय हिमांशु  के रूप में हुई है. वह सोहना का रहने वाला है. पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी वर्तमान में माई फेम ऐप पर यूट्यूब चैनल को प्रमोट करने का काम करता है. आरोपी ने यू-ट्यूब पर फोन पे की फेक एप्लिकेशन की वीडियो देखी. जिसमें बताया गया था कि कैसे फोन पे की फेक एप्लिकेशन बना कर दूसरे व्यक्ति को रुपये भेजा हुआ दिखाई दिया जा सकता है. इसके बाद उसने अपने फोन में फोन पे की फेक एप्लिकेशन को इंस्टाल कर लिया था. जिसमें केवल स्कैनर काम करता है, बाकी सभी फीचर इनएक्टिव रहते हैं. उसके बाद उसने अक्टूबर 2025 से फरवरी 2026 तक एक होटल में बुकिंग करके ठहरने के दौरान 16 झूठी ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट होटल मैनेजर के पास भेज कर लगभग 6 लाख रुपए की धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग एक मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Author

sanchitrawat181120@gmail.com